
लालगंज थाना क्षेत्र के कुदरहा गांव से एक 14 वर्षीय किशोरी मंगलवार दोपहर से लापता है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद बुधवार को थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। रघऊपुर निवासी किशोरी करीब 12 बजे घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। किशोरी नगर पंचायत गायघाट स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा 9 की छात्रा है। उसकी लंबाई लगभग 5 फीट है और वह काले रंग की टी-शर्ट तथा लाल स्वेटर पहने हुए थी। इस संबंध में लालगंज थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर किशोरी की तलाश की जा रही है।





































