
बस्ती में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए अल्पसंख्यक समाज ने पहल की है। बुधवार को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष रियाजुल हसन ‘रहबर’ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने वाल्टरगंज थाना प्रभारी शशांक कुमार सिंह से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के संबंध में एक मांग पत्र सौंपा। रियाजुल हसन ने पुलिस प्रशासन को पिछले अनुभवों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत गनेशपुर के दक्षिणद्वारा क्षेत्र में बीते वर्षों में कुछ अराजक तत्वों ने समय से पहले होलिका दहन कर शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया था। ऐसी घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है। थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस अवसर पर सबीहुल हसन, मौलाना गुलाम नबी, हददिस मोहम्मद, सईद मोहम्मद, मो. असतफा, हकीकुल्लाह, अब्दुल अजीज, मकबूल, मो. यूनुस, शाकिर अली, समीउल्ला, मो. सिद्दीकी और जान मोहम्मद सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।




































