गोटवा बाजार में युवक पर धारदार हथियार से हमला:पुरानी रंजिश में गंभीर घायल, चार आरोपियों पर केस दर्ज

0
4

बस्ती के नगर थाना क्षेत्र के गोटवा बाजार में मंगलवार को आपसी विवाद के चलते एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल के भाई की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह घटना मंगलवार को हुई। गोटवा बाजार निवासी मन्नू गुप्ता ने नगर पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पट्टीदार प्रकाश, अनीस, आकाश (पुत्रगण राज बहादुर) और राज बहादुर (पुत्र रामनाथ) ने पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान इन लोगों ने मिलकर मन्नू के बड़े भाई शिवबहादुर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शिवबहादुर गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर गए। प्रकाश ने शिवबहादुर के गले और सिर पर चाकू से वार किया, जिससे उनका गला कट गया और सिर में भी चोट आई। शोर सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल शिवबहादुर को बस्ती जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। इस संबंध में थाना प्रभारी नगर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
विज्ञापन 2