बस्ती में बच्चों ने प्रस्तुत की 'रामजीवन यात्रा' नृत्य-नाटिका:वशिष्ठ आश्रम में श्रीराम कथा के दौरान दर्शकों का मन मोहा

2
Advertisement

बस्ती जिले के बढ़नी स्थित वशिष्ठ आश्रम में चल रही श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इस दौरान सुपर किड्स स्कूल बस्ती के विद्यार्थियों ने ‘रामजीवन यात्रा’ पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कथा व्यास जगतगुरु पद्म भूषण स्वामी रामभद्राचार्य अपने प्रवचनों से रामकथा का अमृत बरसा रहे हैं। लगभग 15 मिनट की इस नृत्य-नाटिका में बच्चों ने राम जन्म, गुरु वशिष्ठ आश्रम में शिक्षा ग्रहण, ताड़का वध, सीता स्वयंवर, शूर्पणखा प्रसंग, समुद्र तट पर सेतु निर्माण, लक्ष्मण मूर्छित प्रसंग, भगवान राम और हनुमान जी का मिलन, मेघनाथ वध, रावण वध और अंत में राम राज्याभिषेक तक की संपूर्ण कथा का जीवंत चित्रण किया। सीमित समय में संपूर्ण रामायण को प्रभावशाली ढंग से मंचित करना दर्शकों के लिए एक अद्भुत अनुभव रहा। इस प्रस्तुति पर पूरा पंडाल तालियों और जयघोष से गूंज उठा। कथा प्रारंभ होने से पूर्व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्होंने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस आयोजन में बॉलीवुड सिंगर नीरज तिवारी को महाराष्ट्र सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। उन्होंने ‘मेरे राम आए हैं’, ‘हर हर महादेव’, ‘राम जी की सेना चली’ और ‘राम नाम का डंका’ जैसे भजनों से समां बांध दिया। भजन गायक हर्ष प्रताप सिंह ने भी ‘मेरे खाटू वाले श्याम’ सहित अन्य भजनों से माहौल को भक्तिमय बनाए रखा। कार्यक्रम का संचालन एवं निर्देशन संस्कृत प्रभारी मास्टर शिव ने किया। राना दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य जजमान उद्योगपति चंद्रभूषण मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें समाजसेवी मनोज मिश्रा, अरविंद उपाध्याय, शनि उपाध्याय, संजीव दुबे, विनय मिश्रा, राजन तिवारी, आदित्य पांडे, पंकज तिवारीत्रिपाठी, शाश्वत श्रीवास्तव, प्रियंका तिवारी, शशांक मिश्रा और भोलू सिंह प्रमुख थे। भक्ति, संस्कृति और रामकथा का यह संगम श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय बन गया।
Advertisement