
बस्ती-अयोध्या लेन पर चौकड़ी टोल प्लाजा से लगभग 100 मीटर आगे देर शाम एक लॉरी डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। यह घटना तब हुई जब दिल्ली से सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) जा रही लॉरी अचानक सामने आई बोलेरो को देखकर ब्रेक लगाने के दौरान अनियंत्रित हो गई। हादसे में लॉरी चालक राज रतन पूरी तरह सुरक्षित हैं। वहीं, खलासी दुर्गेश (कालिंजर) को आंख के पास और हाथ में मामूली चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही छावनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त लॉरी को हटवाने और यातायात सामान्य कराने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान कुछ देर के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस की तत्परता से नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हादसा अचानक सामने वाहन आने और तेज ब्रेक लगाने के कारण संतुलन बिगड़ने से हुआ प्रतीत होता है। मामले की जांच की जा रही है।










































