
बस्ती जनपद के गौर थाना क्षेत्र के ग्राम बदनी में मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे घर में घुसकर मारपीट और युवक को जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर संख्या 0033/2026 दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दर्ज रिपोर्ट के अनुसार ग्राम सांवडीह (पोखरहटा) निवासी विकास चौहान अपने कुछ साथियों के साथ बदनी गांव स्थित एक घर पर पहुंचे। किसी पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि इसी दौरान विकास चौहान ने अपने परिचित समर पटेल उर्फ अजय को फोन कर बुलाया। शिकायत के मुताबिक समर पटेल टाटा हैरियर (UP32LS9982) से तीन अन्य अज्ञात व्यक्तियों के साथ मौके पर पहुंचा। तहरीर में एक व्यक्ति के पास हथियार होने का भी जिक्र है। एफआईआर के अनुसार आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट के बाद बचाव में आए सुनील यादव को जबरन वाहन में बैठाकर ले गए। बताया गया कि रास्ते में पुलिस वाहन दिखाई देने पर आरोपियों ने सुनील को पोखरहटा के पास उतार दिया और फरार हो गए। घटना में सुनील यादव को चोटें आई हैं। देर रात होने के कारण तत्काल लिखित सूचना नहीं दी जा सकी। अगले दिन थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर 25 फरवरी की देर रात भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धाराओं 191(2), 115(2), 352 और 140(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों की पुष्टि के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।







































