
जगद्गुरु पूज्य रामभद्राचार्य महाराज बुधवार को बस्ती के मखभूमि मखौड़ा धाम पहुंचे। उन्होंने राम-जानकी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि व कुशलता की कामना की। मनोरमा नदी तट पर समाजसेवी चंद्र मणि पाण्डेय के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने जगद्गुरु का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित थे। जगद्गुरु ने मनोरमा नदी की सफाई अभियान में लगे नवयुवकों को आशीर्वाद दिया और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने जिला प्रशासन से नदी की नियमित और प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित करने की मांग भी की। उन्होंने जनसमूह को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में जल्द मंदिर निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। जगद्गुरु ने यह भी कहा कि बस्ती का नाम बदलकर वशिष्ठ नगर और मखौड़ा का नाम मखधाम करने का प्रयास किया जाएगा।







































