
बस्ती। सदर ब्लॉक परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद बस्ती के सभासदों, सदर ब्लॉक के पंचायत सहायकों और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समूह सखियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सदर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव ने सभी जनप्रतिनिधियों और कर्मियों को अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि ग्रामीण विकास, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में पंचायत सहायकों और समूह सखियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके प्रयासों से ही सरकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने नगर पालिका परिषद बस्ती के सभासदों की सक्रिय सहभागिता की भी प्रशंसा की। ब्लॉक प्रमुख ने जोर देकर कहा कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समन्वय से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। इस कार्यक्रम में विकासखंड के अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी सम्मानित व्यक्तियों ने क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


































