
बस्ती के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित हॉस्पिटल चौराहे पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। एक बाइक सवार सड़क और फुटपाथ के बीच बने गैप में फंसकर गिर गया। पीछे से आ रही रोडवेज बस के नीचे आ गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार अचानक असंतुलित होकर सड़क और फुटपाथ के बीच बने ऊंचे-नीचे गैप में फंस गया। इसके परिणामस्वरूप वह अपनी बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद मेडिकल स्टोर संचालकों और राहगीरों ने तुरंत दौड़कर युवक को बस के नीचे से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला। इस त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि सड़क और फुटपाथ के बीच बना यह गैप राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए कितना खतरनाक है। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।







































