
बस्ती पुलिस ने लालगंज थाना क्षेत्र के पाकरवाड़ स्थित गूगल वर्ल्ड मोबाइल दुकान में हुई लगभग 20 लाख रुपये की चोरी का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 77 मोबाइल फोन, एक चोरी की मोटरसाइकिल, साड़ियां और नकदी बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने बुधवार को तेनुआ मोड़ के पास से अभिषेक निगम (21) निवासी तिसाह, थाना कलवारी, प्रशांत पाल (20) निवासी तेनुआ, थाना लालगंज और एक बाल अपचारी को पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही पर 56 एंड्रॉयड मोबाइल (आईफोन, वीवो, ओप्पो, आईक्यू सहित), 21 कीपैड मोबाइल, एक टीवीएस राइडर बाइक, पांच साड़ियां और 1150 रुपये नकद बरामद किए गए। यह चोरी 24 फरवरी की रात को हुई थी, जब अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन चुरा लिए थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने दिन में दुकान की रेकी की थी। रात में रॉड से शटर का ताला तोड़ा, सीसीटीवी के तार काटे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिसे बाद में कुआनो नदी में फेंक दिया। चोरी के मोबाइल फोन को गेहूं के खेत में छिपाकर रखा गया था और वे उन्हें गोरखपुर में बेचने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत ने बताया कि पुलिस ने संगठित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।







































