रोजगार सेवकों ने BDO पर अभद्र भाषा का आरोप लगाया:रामनगर में उपजिलाधिकारी के आश्वासन पर धरना समाप्त, जांच के बाद कार्रवाई होगी

0
2

बस्ती जिले के रामनगर विकासखंड परिसर में बृहस्पतिवार को रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी (BDO) के खिलाफ एक दिवसीय धरना दिया। रोजगार सेवकों ने BDO पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने और मानदेय बकाया होने के बावजूद दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उपजिलाधिकारी भानपुर के कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। रोजगार सेवक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष शत्रुघन यादव ने उपजिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में बताया कि उनकी नियुक्ति मनरेगा कार्यों के लिए हुई थी। हालांकि, वे EKYC, SIR, फॉर्म रजिस्ट्री और सवै आवास जैसे अन्य कार्यों को भी कर रहे हैं। इसके बावजूद, खंड विकास अधिकारी द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा रहा है। यादव ने बताया कि रोजगार सेवकों का पिछले सात-आठ माह से मानदेय बकाया है, जिसे शासन द्वारा पैसा जारी होने के बावजूद नहीं दिलाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि खंड विकास अधिकारी रामनगर ने रोजगार सेवक मुकेश चौधरी को फोन पर “चर्बी चढ़ गई है, सारी चर्बी निकाल दूंगा” जैसे अपशब्द कहे। सभी रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी के अभद्र व्यवहार से आहत होकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में, खंड विकास अधिकारी रामनगर ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को गलत बताया है। रोजगार सेवकों ने उपजिलाधिकारी भानपुर को ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद रोजगार सेवकों ने अपना धरना समाप्त कर दिया।
विज्ञापन 2