
बस्ती परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षक उपस्थित रहे। आगामी होली, रमजान माह तथा ईद-उल-फितर के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।गोष्ठी के दौरान डीआईजी ने लंबित और आंशिक विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गैंगेस्टर, वांछित और पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी, निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने, चोरी व वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण तथा गो-तस्करी की रोकथाम पर विशेष जोर दिया। रात्रिकालीन सघन चेकिंग, संगीन अपराधों, महिला अपराध तथा एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को भी कहा गया।साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के तहत प्रभावी कार्रवाई करने, अधिकाधिक मोबाइल/आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराने और मोबाइल रिकवरी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड, ITSSO, JMIS जैसे विभिन्न पोर्टलों की नियमित निगरानी कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। यक्ष ऐप पर शेष अपराधियों का सत्यापन तथा iRAD ऐप पर सभी सड़क दुर्घटनाओं की फीडिंग अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए गए। महिला अपहृत/गुमशुदा की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित करने, मिशन शक्ति केंद्र एवं परिवार परामर्श केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। ऑपरेशन क्लीन, ऑपरेशन खोज एवं बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत कार्रवाई तेज करने पर भी बल दिया गया। प्रत्येक जिले में एंटी थेफ्ट सेल के गठन पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, नियम 14(1) व 14(2) के अंतर्गत लंबित विभागीय पत्रावलियों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। साइट्रेन व आईगाट ऐप पर शेष कर्मियों का प्रशिक्षण पूर्ण कराने को भी कहा गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

































