बस्ती में माटी कला प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ:जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने किया उद्घाटन

4
Advertisement

बस्ती में उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के मंडलीय खादी ग्राम उद्योग प्रशिक्षण केंद्र पिकौरा बक्श में 15 दिवसीय माटी कला शिल्पकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। यह कार्यक्रम 26 फरवरी से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने जनपद सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, अयोध्या और बस्ती के प्रशिक्षणार्थियों के बैच का उद्घाटन किया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 50 लाभार्थी शामिल हैं, जिनमें संत कबीर नगर से 20, सिद्धार्थनगर से 20, बस्ती से 05 और अयोध्या से 05 प्रतिभागी हैं। मुख्य अतिथि अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने लाभार्थियों को माटी कला से संबंधित विभिन्न उत्पादों और उनके महत्व की जानकारी दी। उन्होंने पारंपरिक मशीनों के बजाय आधुनिक माटी कला मशीनों का शत-प्रतिशत उपयोग कर अधिक उत्पादन और लाभ अर्जित करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य ध्यानचंद ने कार्यक्रम की उपयोगिता और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान लाभार्थियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। प्रशिक्षण समाप्ति के बाद, लाभार्थियों के बैंक खातों में उपस्थिति के आधार पर 15 दिनों की छात्रवृत्ति (₹250 प्रतिदिन की दर से कुल ₹3750) डीबीटी के माध्यम से भेजी जाएगी। लाभार्थियों के रहने और खाने की सुविधा निःशुल्क है। माटी कला की विभिन्न विधाओं की जानकारी विषय विशेषज्ञों द्वारा दी जाएगी। मास्टर ट्रेनर अवधेश कुमार प्रजापति 15 दिनों तक लाभार्थियों को माटी कला का क्रियात्मक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के अंत में, प्रशिक्षण केंद्र के वैयक्तिक सहायक रामनिवास गुप्ता ने माटी कला की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन प्रशिक्षण केंद्र के प्रधान सहायक दुर्गा प्रसाद ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ सहायक जितेंद्र कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर सुजीत कुमार और मास्टर ट्रेनर पारसनाथ भी उपस्थित रहे।
Advertisement