विक्रमजोत में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चालक की मौत:ईंट गिराकर लौटते समय धुसवा बांध पर हुआ हादसा

4
Advertisement

विक्रमजोत बस्ती में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से उसके चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा विक्रमजोत धुसवा बांध पर खेमराजपुर गांव के पास एक ब्रेकर पर हुआ। मृतक चालक की पहचान संभल जनपद निवासी 22 वर्षीय कासिम पुत्र जलालुद्दीन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली राज ब्रिक फील्ड परसा से ईंटें लेकर छावनी थाना क्षेत्र के खेमराजपुर निवासी मुन्ना दुबे के घर ईंटें गिराने गई थी। ईंटें गिराकर वापस लौटते समय, सामुदायिक शौचालय के पास बने ब्रेकर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित होने के बाद ट्रैक्टर बंधे के नीचे पलट गया, जबकि ट्रॉली खड़ी रह गई। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चालक कासिम की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए, जिन्हें हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने ट्रैक्टर को सीधा करने में मदद की। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पर सवार दो अन्य लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना छावनी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और विधिक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया।
Advertisement