
बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में एक युवती ने कथित प्रेम प्रसंग के मामले में आत्महत्या कर ली। घटना कलवारी मुस्तहकम गांव की है। इस मामले के सामने आने के बाद विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मृतका के पति राजकुमार ने बताया कि वह शहर में मजदूरी करता है, जबकि उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे गांव में रहते थे। राजकुमार का आरोप है कि गांव का ही एक मुस्लिम युवक झाड़-फूंक के बहाने उनकी पत्नी को प्रेम जाल में फंसाकर पिछले तीन साल से प्रताड़ित कर रहा था। राजकुमार के अनुसार, आरोपी युवक ने कथित तौर पर अवैध शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील वीडियो बनाकर उनकी पत्नी को ब्लैकमेल कर रहा था। इस प्रताड़ना से तंग आकर मंगलवार को युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्षेत्र में लव जिहाद के नाम पर गोरखधंधा चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मासूम महिलाओं को बहला-फुसलाकर प्रेम जाल में फंसाया जाता है, फिर अश्लील वीडियो के जरिए उन्हें प्रताड़ित कर धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया जाता है। सिंह ने पीड़ित परिवार को स्थानीय पुलिस के माध्यम से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष गजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मृतका के पति की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई कर रही है।
































