
बस्ती जिले के कप्तानगंज क्षेत्र में गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे नेशनल हाईवे-28 पर एक सड़क हादसा हो गया। कप्तानगंज मेन चौराहे से लगभग 100 मीटर दूर किलकारी हॉस्पिटल के सामने एक खड़ी ट्रक में पीछे से आ रही कार ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस्ती की ओर जा रही FRONX कार के चालक ने अचानक सामने आए एक साइकिल सवार को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रकसे जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार लोगों को चोटें आईं। घायलों की पहचान सोनू चौधरी (पुत्र आदित्य, निवासी रसनी पुरानी बस्ती), सोनी यादव (पुत्री लक्ष्मण, निवासी कचनी थाना लालगंज) और राम अवतार (पुत्र पूर्णवासी, निवासी छपिया मंझरिया थाना मुंडेरवा) के रूप में हुई है। तीनों को हल्की चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष कप्तानगंज आलोक श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर सुचारु रूप से बहाल किया। थाना अध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।































