कोटेदार ने जहर खाकर दी जान:बस्ती में लाखों के लेन-देन और उत्पीड़न से परेशान, चार पर केस दर्ज

20
Advertisement

बस्ती जिले के रुधौली थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में एक 32 वर्षीय कोटेदार ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आरोप है कि वह जमीन के नाम पर लाखों रुपये के लेन-देन और कथित उत्पीड़न से परेशान था। पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के पिता बेचन प्रसाद ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे विजय प्रताप यादव का क्षेत्र के कुछ लोगों से रुपये का लेन-देन था। पचारी खुर्द निवासी अखिलेश यादव, अवधेश यादव और शिव कुमार पर आरोप है कि उन्होंने आपसी साजिश कर जमीन दिलाने के नाम पर विजय प्रताप से तीन लाख रुपये, दो लाख सोलह हजार पांच सौ रुपये और बाद में रजिस्ट्री के लिए कुल सोलह लाख रुपये लिए थे। हालांकि, न तो जमीन दिलाई गई और न ही पैसे लौटाए गए। तहरीर के अनुसार, जब विजय प्रताप ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे अपमानित किया और जान से मरने तक की बात कही। इससे विजय प्रताप मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा। 15 दिसंबर 2024 को उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे सीएचसी रुधौली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। विसरा जांच में जहर की पुष्टि हुई है। मृतक के पिता का यह भी आरोप है कि बेटे की मौत के बाद दबाव बनाने पर आरोपियों ने 95 हजार रुपये लौटाए और 16 लाख रुपये का एक चेक दिया, जो बाद में बैंक से अनादरित होकर वापस हो गया।
Advertisement