
बस्ती जिले के कटहापुर गांव में एक जर्जर बिजली का पोल टूट गया है, जिससे हाई-वोल्टेज तार नीचे लटक रहे हैं। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है, लेकिन विद्युत विभाग की ओर से इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यह मामला विद्युत केंद्र गाऊंखोर के अंतर्गत आता है। गांव में पांच उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति के लिए 10 KV का ट्रांसफार्मर लगा है। ग्रामीणों के मुताबिक, इस ट्रांसफार्मर तक बिजली पहुंचाने वाला मुख्य खंभा ऊपर से लगभग तीन फीट तक टूटकर लटक गया है। खंभे के क्षतिग्रस्त होने से हाई-वोल्टेज तार काफी नीचे आ गए हैं। हल्की हवा चलने पर ये तार आपस में टकराते हैं, जिससे चिंगारियां निकलती हैं। बरसात के मौसम में इस रास्ते से गुजरना खतरनाक हो सकता है। स्थानीय निवासियों राजेश चौधरी, रमेश, राम धीरज और राजेंद्र चौधरी ने बताया कि इस संबंध में कई बार शिकायत की गई है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। मनोज, राजू, रवि और नरेंद्र सहित अन्य ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से जल्द से जल्द खंभा बदलने और समस्या का समाधान करने की मांग की है। इस मामले में जेई राम जगत ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जर्जर पोल और लटकते तारों की जांच कराई जाएगी। जल्द ही नया पोल लगवाकर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

































