बस्ती के असनहरा में बाइक सवार तीन छात्र घायल:बोर्ड की परीक्षा देने जाते समय सड़क किनारे खड़ी टेंपो से भिड़े

6
Advertisement

बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र के असनहरा में शुक्रवार को एक सड़क हादसे में तीन छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। ये छात्र बाइक पर सवार होकर परीक्षा देने जा रहे थे, तभी सड़क किनारे खड़ी एक टेंपो से उनकी बाइक टकरा गई। घायलों की पहचान जोगिया निवासी आशीष (17 वर्ष, पुत्र चंद्रप्रकाश), रियान खान (16 वर्ष, पुत्र हमीदुल्लाह) और राज साहनी (16 वर्ष, पुत्र सोहबत, निवासी पानन कुइयां, थाना सोनहा) के रूप में हुई है। ये तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर संत कबीर शंकर दास इंटर कॉलेज, मोहम्मद नगर में गणित की परीक्षा देने जा रहे थे। हादसा असनहरा स्थित मेहीलाल आदर्श इंटर कॉलेज के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक की गति तेज होने के कारण छात्रों ने नियंत्रण खो दिया और सड़क के किनारे खड़ी टेंपो से जा भिड़े, जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तत्काल मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी असनहरा जितेंद्र कुमार ने सभी घायल छात्रों को मोहम्मद नगर स्थित स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिलवाया। उपचार के बाद, उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया गया और परीक्षा में शामिल होने दिया गया। जिस टेंपो से छात्रों की भिड़ंत हुई, वह भी अन्य परीक्षार्थियों को परीक्षा दिलाने के लिए मेहीलाल आदर्श इंटर कॉलेज आया था।
Advertisement