
बस्ती जिले के कप्तानगंज मेन चौराहे पर शुक्रवार को एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए। अयोध्या-बस्ती लेन पर स्टेट बैंक के सामने एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। जानकारी के अनुसार, सड़क पर रेलिंग लगाने का काम चल रहा था और कार्यस्थल के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रही कार उससे टकरा गई। हादसे में हरैया थाना क्षेत्र के कोहले निवासी सुनील कुमार, उनकी पत्नी और उनकी माता जी घायल हो गईं। सुनील अपनी माता जी का इलाज कराने बस्ती आ रहे थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, तीनों घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है। थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहनता से पड़ताल कर रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि हाईवे पर काम कर रही कार्यदायी संस्था द्वारा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी। उनका कहना है कि बिना चेतावनी संकेत, बैरिकेडिंग या रिफ्लेक्टर के सड़क पर काम कराया जा रहा था, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।




































