
बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना परिसर में शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने की। इस बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें प्रधान माझा शहाबदीन निषाद, सभासद धनपत सिंह, नीरज चौधरी, बलराम, शेखर चौधरी और रामजीत चौधरी सहित अन्य सम्मानित लोग शामिल थे। थाना प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से त्योहारों और सामाजिक आयोजनों के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखने और सामाजिक सौहार्द, भाईचारे तथा आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।


































