
बस्ती जिले के दुबौलिया थाना परिसर में आगामी त्यौहारों को लेकर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में डीजे संचालकों सहित दोनों समुदायों के प्रमुख लोग उपस्थित रहे। दुबौलिया कस्बे में होली का त्यौहार बड़े उत्साह और धूमधाम से मनाया जाता है। स्थानीय लोग दिन में डीजे की धुन पर रंग खेलते हैं। शाम के समय एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाती है, जिसमें लोग एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर तिलक करते हैं और गले मिलकर बधाई देते हैं। इस दौरान राम, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न जी की मनमोहक झांकियां लोगों के आकर्षण का मुख्य केंद्र होती हैं। सभी कार्यक्रम पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी और मौजूदगी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होते हैं।

































