
बस्ती के ए०पी०एन० पी०जी० कॉलेज में शुक्रवार, 27 फरवरी को 50वें वार्षिक क्रीड़ा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बस्ती की चेयरमैन श्रीमती नेहा वर्मा ने किया। चेयरमैन नेहा वर्मा ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा नेता अंकुर वर्मा, शिवहर्ष किसान पी०जी० कॉलेज की प्राचार्या प्रो० रीना पाठक और प्रांत उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कॉलेज के प्राचार्य प्रो० अभय प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि का प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। मार्च पास्ट और ध्वजारोहण के साथ खेलों का विधिवत उद्घाटन हुआ। मशाल धावक प्रशांत पाठक ने समारोह में प्रवेश किया। श्रीमती नेहा वर्मा ने खिलाड़ियों को खेल भावना बनाए रखने का संदेश दिया, जबकि अंकुर वर्मा ने शिक्षा के साथ खेलों के महत्व पर जोर दिया। समारोह में 100 मीटर दौड़ सहित विभिन्न खेल स्पर्धाएं आयोजित की गईं। छात्र वर्ग में महामंडलेश्वर सिंह और छात्रा वर्ग में प्रिया चौधरी को चैम्पियन घोषित किया गया। सायंकाल समापन समारोह में पूर्व प्राचार्य डॉ० बी०पी० सिंह मुख्य अतिथि और डॉ० डी०के० अष्ठाना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। क्रीड़ा सचिव डॉ० विष्णु कुमार जायसवाल ने स्वागत भाषण दिया, जबकि प्राचार्य प्रो० अभय प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ० ए०पी० शुक्ला और डॉ० अभिषेक कुमार सिंह ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

































