बस्ती में फंदा लगाकर युवक ने की आत्महत्या:नंदपुर में खाना खिलाने गई मां ने पंखे से लटका देखा शव, दो हफ्ते पहले पत्नी मायके गई थी

2
Advertisement

लालगंज थाना क्षेत्र के नंदपुर गांव में 22 वर्षीय युवक राज सोनकर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला। यह घटना 26 फरवरी की रात की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की मां कोमल सोनकर ने पुलिस को बताया कि उन्हें 27 फरवरी की सुबह करीब 2:30 बजे घटना की जानकारी हुई। राज सोनकर अपने कमरे में फांसी के फंदे पर झूलता मिला था। जब मां उसे खाना खाने के लिए बुलाने गई, तो कमरा अंदर से बंद था। परिजनों और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया, जिसके बाद राज सोनकर को पंखे की कुंडी से लटका हुआ पाया गया। परिजनों ने आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल बस्ती पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और नियमानुसार शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस बस्ती भेज दिया। पुलिस आगे की आवश्यक विधिक कार्यवाही कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक राज सोनकर अपनी पत्नी से फोन पर बात करना चाहता था, लेकिन उसकी पत्नी बार-बार बात करने से इनकार कर रही थी। बताया जा रहा है कि पारिवारिक कलह के चलते उसकी पत्नी महाशिवरात्रि के दिन मायके चली गई थी। पुलिस इन पहलुओं पर भी जांच कर रही है। मौके पर शांति एवं कानून व्यवस्था कायम है।
Advertisement