
बस्ती में एक दलित युवक को दबंगों द्वारा बेरहमी से पीटने और मुकदमा वापस लेने के लिए धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद सरदार सेना और भीम आर्मी सहित कई संगठनों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पीड़ित को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना मुण्डेरवा थाना क्षेत्र के परसा बोधी निवासी मंगेश्वर पुत्र ओम प्रकाश के साथ हुई। मंगेश्वर के चाचा धर्मेन्द्र कुमार ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को दिए पत्र में बताया कि 18 फरवरी को शाम करीब 7 बजे उनका भतीजा नगहरा चौराहा स्थित आदर्श मेडिकल स्टोर पर दवा लेने गया था। वहां अंश दूबे, विकास दूबे पुत्रगण अनिल दूबे और अनिल दूबे पुत्र बृज भूषण प्रताप दूबे ने लाठी, डंडे और सरिया से लैस होकर उसे बुरी तरह पीटा। हमले में मंगेश्वर का सिर कई जगह फट गया और काफी खून बहने लगा। आसपास मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने से उसकी जान बच सकी। घटना की सूचना मुण्डेरवा थाने को दी गई, लेकिन दबंगों के प्रभाव के चलते पुलिस ने तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं की और सुलह का दबाव बनाने लगी। इस मामले में सरदार सेना के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य चौधरी बृजेश पटेल और भीम आर्मी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कमलेश सचान सहित अन्य संगठनों ने जिलाधिकारी को संबोधित एक पत्र सी.आरओ. को सौंपा। उन्होंने मंगेश्वर को न्याय दिलाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार की जान-माल की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि दबंगों के दबाव में न्याय नहीं मिला, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।







































