
बस्ती के थाना लालगंज में 28 फरवरी 2026 को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत हुआ। इसमें अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप सिंह यादव की अध्यक्षता में लोगों की समस्याएं सुनी गईं। नायब तहसीलदार वीर बहादुर सिंह और थाना लालगंज के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने फरियादियों की समस्याओं को सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान थाने के सभी उपनिरीक्षक, बीपीओ और राजस्व विभाग के अधिकारी/हल्का लेखपाल उपस्थित रहे। थाना समाधान दिवस में कुद्रहा चौकी क्षेत्र से आई विद्या देवी ने अपनी ‘दीही आबादी 86 नंबर’ से संबंधित समस्या नायब तहसीलदार को बताई। उन्होंने अपने सभी आवश्यक दस्तावेज अधिकारियों के सामने प्रस्तुत किए। विद्या देवी ने आरोप लगाया कि अधिकारी इस मामले में लीपापोती कर रहे हैं और कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने बताया कि वह पहले भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम में अपनी शिकायत लेकर जा चुकी हैं। थाना और तहसील समाधान दिवस से कोई निष्कर्ष न निकलने के कारण विद्या देवी अब फिर से जनता दरबार में जाने की तैयारी कर रही हैं।










































