
बस्ती में भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग प्रथम वर्ष की छात्रा अंतरा यादव और उनकी टीम का दबदबा रहा। अंतरा यादव की टीम ने वॉलीबॉल और आइडिया पिचिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। बैडमिंटन प्रतियोगिता में सौम्या यादव ने अनुष्का यादव को 21-19 से हराया, जबकि रवि प्रकाश यादव ने आकाशा राजपूत को पराजित कर जीत दर्ज की। कबड्डी प्रतियोगिता पावर पैंथर्स और माइटी टीम के बीच खेली गई, जिसमें उजाला पटेल के नेतृत्व वाली पावर पैंथर्स टीम विजयी रही। टैलेंट हंट में अनुश्री गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक प्रोफेसर कुलदीप सहाय ने विजेता और उपविजेता टीमों को शील्ड, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। इस प्रतियोगिता में दौड़, भाला फेंक, चक्का फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, रस्साकसी, बैडमिंटन और क्रिकेट जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की गईं। खेल प्रभारी राजकुमार सिंह ने रेफरी की भूमिका का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। संस्थान के निदेशक डॉ. कुलदीप सहाय ने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से छात्रों में टीम भावना जागृत होती है। उन्होंने समय-समय पर ऐसे खेलों के आयोजन पर जोर दिया। इस अवसर पर मनीषा श्रीवास्तव, जया कुशवाहा, कंचन, दिव्यानी, दीक्षा, सुशील सिंह, अमन शुक्ला सहित कई लोग उपस्थित रहे।










































