VHP ने लिटिल निजी स्कूल पर लगाए आरोप:धर्मांतरण और अवैध चर्च निर्माण का दावा, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

4
Advertisement

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारियों ने हर्रैया स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने उपजिलाधिकारी सत्येंद्र सिंह और थाना अध्यक्ष हर्रैया को एक ज्ञापन सौंपकर विद्यालय परिसर में कथित धर्मांतरण गतिविधियों और अवैध चर्च निर्माण का दावा किया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि विद्यालय परिसर में “दिशा” नामक एक एनजीओ के माध्यम से धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। विहिप का दावा है कि सभागार के नाम पर एक अवैध चर्च या गिरजाघर का निर्माण किया जा रहा है। विहिप के विभाग मंत्री विवेक सिंह सोनू ने आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन गांवों में सर्वे के बहाने 15 से 18 वर्ष की लड़कियों को रोजगार का प्रलोभन देकर स्कूल परिसर में बुलाता है और धर्मांतरण का प्रयास करता है। जिला अध्यक्ष डॉ. हरिमूर्ति सिंह और मनोज सिंह ने कहा कि “लिटिल फ्लावर आश्रम” के नाम पर समाज सेवा की आड़ में ऐसी गतिविधियां चलाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि सभागार निर्माण की अनुमति लेकर चर्च का निर्माण किया जा रहा है। हालांकि, विद्यालय के फादर ने इन सभी आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने प्रशासन को लिखित आश्वासन दिया है कि परिसर में किसी चर्च का निर्माण नहीं किया जा रहा है। फादर ने स्पष्ट किया कि सभागार का उपयोग केवल विद्यालय के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए होगा और भविष्य में किसी भी प्रकार की धार्मिक गतिविधि या प्रतीक का प्रयोग नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि स्कूल बसें पुराने मार्ग से ही आवागमन करेंगी, जबकि कॉलोनी मार्ग से केवल छोटे वाहन गुजरेंगे। बजरंग दल के जिला संयोजक अजय कनौजिया ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो जनआक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमोद पांडे, अनिल ओझा, अखिलेश ओझा, अविनाश ओझा, डॉ. आनंद सिंह, अमरदेव सिंह, पिंटू सिंह, दीपांशु सिंह, अनुमोदित त्रिपाठी, सुखराम गौड़ सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने ज्ञापन स्वीकार कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है।
Advertisement