Maharashtra Budget session 2026: महाराष्ट्र विधानसभा में बजट सत्र के दिन शिवसेना यूबीटी नेता आदित्य ठाकरे तल्ख अंदाज में दिखे। आदित्य ठाकरे ने लाडकी बहिन योजना को लेकर महायुति सरकार पर सवाल खड़े किए। वहीं मराठा रिजर्वेशन और लोन माफी के ऐलान को लेकर भी देवेंद्र फडणवीस सरकार को घेरा।
मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा के बजट सत्र में मंगलवार को गहमागहमी देखने को मिली। इस दौरान शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे के विधायक आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार को घेरा। उन्होंने लाडकी बहिन योजना को लेकर भी सरकार भी कड़ी आलोचना की। इससे पहले सोमवार को शुरू हुए विधानसभा सत्र के पहले दिन गवर्नर के भाषण के बाद पूर्व डिप्टी चीफ मिनिस्टर अजित पवार और दूसरे दिवंगत नेताओं के लिए शोक प्रस्ताव पेश किया गया। सदस्यों की ओर से इमोशनल श्रद्धांजलि देने के बाद सत्र को स्थगित कर दिया गया। हालांकि मंगलवार को विधानसभा और विधान परिषद में माहौल गरम रहा। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच अलग-अलग मुद्दों पर आरोप-प्रत्यारोप हुए।
आदित्य ठाकरे ने क्या कहा?
विधानसभा में आदित्य ठाकरे ने मुंबई में बढ़ते प्रदूषण के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नगरपालिका अभी तक नहीं जागी है। शहर में हवा गंभीर लेवल पर पहुंच गई है। पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे से सिर्फ प्रिंटेड जवाब नहीं देने चाहिए, बल्कि असल हालात जानकर बोलना चाहिए। उन्हें कभी खिड़की खोलकर बाहर के हालात देखने चाहिए।


















