समस्त निर्माण कार्यो को गुणवत्तापूर्ण ढंग से ससमय पूरा कराकर हैण्डओवर का दिया निर्देश

श्रावस्ती। जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने आशा-ए0एन0एम0 सेंटर के निकट निर्माणाधीन ड्रग वेयर हाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ज्ञात हुआ कि इस परियोजना के निर्माण का कार्य अक्टूबर, 2023 को प्रारंभ हुआ था, जिसे मार्च, 2026 तक पूर्ण किया जाना है। समस्त स्ट्रक्चर एवं प्लास्टर कार्य पूर्ण हो चुका है तथा बाह्य व आन्तरिक सतह पर पुट्टी कार्य, फर्श पर टाइल्स, कोटा स्टोन, एम0एस0 शटर, यू0पी0वी0 विन्डों, प्लम्बिंग एवं इलेक्ट्रिकल वायरिंग का कार्य प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने इस दौरान बाउंड्री वाल की ऊंचाई एवं प्लास्टर कार्यों की गुणवत्ता की भी जांच की। जिलाधिकारी ने उपस्थित अभियंता को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान देते हुए सभी मानकों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।इस दौरान कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता यूपीआरएनएन राजेन्द्र प्रसाद ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि चहारदीवारी का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। मुख्य भवन के निर्माण कार्य की प्रगति अब तक 84 प्रतिशत है। उन्होने बताया कि आवंटित धन के सापेक्ष कार्य कराया जा चुका है। शेष कार्य अवशेष धनराशि के आवंटन के उपरांत पूर्ण हो जाएगा।इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद भिनगा के वार्ड संख्या-9 में जिला अस्पताल के निकट निर्माणाधीन बारातघर (मैरिज हाल) का भी निरीक्षण किया। जिसका निर्माण कार्य मार्च, 2025 में प्रारम्भ किया गया तथा जिसे माह-सितम्बर, 2026 तक हैण्डओवर किया जाना है। निरीक्षण के दौरान ज्ञात हुआ कि मुख्य भवन के भूतल के छत की शटरिंग का कार्य तथा बाउण्ड्रीवाल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। 
इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रोजेक्ट के तहत कराये जाने वाले मुख्य कार्यो की जानकारी ली तथा सम्बन्धित अभियंता को निर्देशित किया कि समय-सीमा के अन्दर कार्य पूर्ण कराकर हैण्डओवर किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था सी0एण्डडी0एस0 के अवर अभियंता से प्रयोग में लाई जा रही निर्माण सामग्रियों ईट आदि के गुणवत्ता की जांच भी कराई।
इस अवसर पर सम्बन्धित कार्यदायी संस्था के अभियंतागण उपस्थित रहे।




























