रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।
महराजगंज। आगामी होली और रमजान के पवित्र महीने को देखते हुए जनपद में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सोमवार को जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने भारी पुलिस बल के साथ थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के परतावल बाजार से लेकर कप्तानगंज-पनियरा रोड तक फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों के इस पैदल मार्च से जहाँ आम जनता में सुरक्षा का भाव जागा, वहीं अराजक तत्वों में हड़कंप मच गया।फ्लैग मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व प्रेम, त्याग और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। उन्होंने अपील की कि सभी नागरिक पुराने गिले-शिकवे भुलाकर पर्वों का आनंद लें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि त्योहारों की असली खुशी मिल-जुलकर रहने में ही है, जिससे समाज की एकता और अखंडता और मजबूत होती है।पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने मातहतों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के चिन्हित अराजक तत्वों पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाए। SP ने विशेष रूप से चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “पुलिस पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है, हुड़दंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।इस फ्लैग मार्च के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह समेत भारी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे।



































