रिपोर्ट – सुशील शर्मा
जिला ब्यूरो चीफ़ बस्ती
बस्ती में होली को लेकर पुलिस अलर्ट, गश्त और चेकिंग के सख्त निर्देश।
त्योहार में खलल डाला तो होगी सीधी कार्रवाई: प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे।
बिना सूचना नहीं होंगे होली मिलन समारोह, पुलिस कंट्रोल रूम 24 घंटे रहेगा सक्रिय।
बस्ती: होली पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस की सख्त तैयारी
बस्ती। आगामी होली के पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने कमर कस ली है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (बस्ती परिक्षेत्र) संजीव त्यागी और पुलिस अधीक्षक डॉ० यशवीर सिंह के कड़े निर्देशों के अनुपालन में, प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया है।
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी: पुलिस ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर ली है, जहाँ पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
पूर्व सूचना अनिवार्य: किसी भी प्रकार के ‘होली मिलन समारोह’ या बड़े आयोजन से पहले संबंधित थाने को सूचित करना अनिवार्य होगा।
अफवाहों पर लगाम: सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस तत्काल और सख्त विधिक कार्रवाई करेगी।
24×7 कंट्रोल रूम और गश्त
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार दुबे ने बताया कि त्योहार के दौरान पुलिस की गश्त और पेट्रोलिंग बढ़ा दी जाएगी। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और त्वरित कार्रवाई के लिए 24×7 पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा।
पुलिस की अपील:
बैठक के अंत में प्रभारी निरीक्षक ने आम जनमानस से अपील की कि होली रंगों और खुशियों का त्योहार है, इसे आपसी भाईचारे, सौहार्द और पूरी मर्यादा के साथ मनाएं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नागरिक बेखौफ होकर त्योहार मनाएं, सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी पुलिस की है।



































