अपहरण कांड में दो वांछित गिरफ्तार:पैकोलिया पुलिस ने वाहन सहित दबोचा, पुलिस कर रही पूछताछ

9
Advertisement

बस्ती में पैकोलिया पुलिस ने अपहरण और मारपीट के एक मामले में दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।

प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सुरेंद्र उर्फ मुन्ना चौधरी (पुत्र परशुराम चौधरी, निवासी अजगर, थाना हरैया) और रामप्रीत (पुत्र जगदत्त वर्मा, निवासी औरंगाबाद, थाना छावनी, जनपद बस्ती) को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 29 जनवरी 2026 को हुई थी। उस दिन पीआरवी को सूचना मिली थी कि हरिकेश यादव निवासी पूरे बेचू मोईलिया, थाना हरैया, उम्र लगभग 28 वर्ष) अपनी गाड़ी धुलवाने के लिए थाना पैकोलिया क्षेत्र के हशिनाबाद गए थे। वहीं, अभियुक्त वाहन से पहुंचे और हरिकेश यादव को जबरन अपने साथ ले गए।

आरोप है कि आरोपी अपहृत युवक को एक ईंट-भट्ठे पर ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने दोनों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार, उपनिरीक्षक रामसुरेश, हेड कांस्टेबल राधेश्याम और कांस्टेबल नितेश यादव शामिल थे।

Advertisement