बॉर्डर पर लगा ‘पहरा’ खत्म: आज रात 12 बजे खुल जाएगा नेपाल का द्वार, झूम उठेंगे व्यापारी और सैलानी!*

27
Advertisement

रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।

महराजगंज।नेपाल में संसदीय चुनाव के लिए वृहस्पतिवार को हुए मतदान के मद्देनजर बंद की गई भारत-नेपाल सीमा आज रात 12 बजे से पुनः खोल दी जाएगी। 165 सीटों पर हुए इस चुनावी महापर्व के दौरान सुरक्षा कारणों से सीमा पर आवागमन को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया गया था। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद प्रशासन ने आवाजाही बहाल करने का निर्णय लिया है।चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या घुसपैठ को रोकने के लिए सरहद पर सुरक्षा का घेरा बेहद सख्त रहा। भारत-नेपाल की प्रमुख सीमा सोनौली सहित अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में एसएसबी (SSB), नागरिक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। सुबह से ही सीमा पर सन्नाटा पसरा रहा और केवल आपातकालीन सेवाओं (एम्बुलेंस व दवा आपूर्ति) को ही विशेष जांच के बाद आने-जाने की अनुमति दी गई।स्थानीय प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, नेपाल में गुरुवार सुबह मतदान शुरू हुआ जो शाम करीब 6 बजे तक चला। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान भारत और नेपाल, दोनों देशों के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। सीमा सील होने के कारण न तो भारत से कोई वाहन नेपाल जा सका और न ही वहां से कोई इधर आ पाया, जिससे सरहद के दोनों ओर मालवाहक ट्रकों की लंबी कतारें भी देखने को मिलीं।प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि चुनाव संपन्न होने के बाद स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई है। यदि सब कुछ सामान्य रहा, तो निर्धारित समय यानी रात 12 बजे के बाद बैरियर हटा दिए जाएंगे। इसके साथ ही दोनों देशों के नागरिकों और व्यापारियों का आवागमन पूर्व की भांति सुचारू हो जाएगा।प्रशासन ने सीमावर्ती क्षेत्र के निवासियों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से उठाए गए इन कदमों से चुनाव निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न हो सका है।

Advertisement