खाकी के आंगन में उड़े गुलाल,एसपी ने मातहतों संग खेली फूलों वाली होली

10
Advertisement

*जब कप्तान ने खुद हाथ में लिया गुलाल… देखिए पुलिस लाइन की खास होली।*

रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।

महराजगंज। ‘बुरा न मानो होली है’ के उल्लास के बीच जब पूरा जनपद रंगों में सराबोर था।तब सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली खाकी भी प्रेम और सौहार्द के रंग में रंगी नजर आई। पुलिस लाइन महराजगंज में आयोजित होली मिलन समारोह में पुलिस अधीक्षक ने अपनी पूरी टीम के साथ न केवल फूलों की होली खेली,बल्कि आपसी भाईचारे का एक सशक्त संदेश भी दिया।
वृहस्पतिवार को पुलिस लाइन परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महराजगंज के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक और जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी (CO) जुटे। अनुशासन के कड़े पहरे के बीच मानवीय संवेदनाओं का संगम तब देखने को मिला जब अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को गले लगाकर और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। इस दौरान पूरा परिसर ‘होली है’ के जयघोष और फूलों की खुशबू से महक उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा:
> “होली का पर्व केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, कटुता को भुलाने और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। पुलिस बल दिन-रात तनावपूर्ण स्थितियों में काम करता है, ऐसे में यह उल्लास हमें नई ऊर्जा देता है।”

उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को शांतिपूर्ण ढंग से ड्यूटी निभाने और समाज में सकारात्मकता फैलाने का आह्वान किया।इस हर्षोल्लास के वातावरण में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक (RI) सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। खाकी के इस ‘रंगोत्सव’ ने न केवल जवानों का मनोबल बढ़ाया, बल्कि जनता के बीच भी पुलिस की एक मानवीय और सौहार्दपूर्ण छवि पेश की।

Advertisement