आगामी महाशिवरात्रि पर्व के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूर्णतः सतर्क है। इसी क्रम में *जिलाधिकारी श्री अश्विनी कुमार पाण्डेय* एवं *पुलिस अधीक्षक श्री राहुल भाटी* द्वारा थाना सिरसिया क्षेत्रांतर्गत स्थित पांडव कालीन *विभूतिनाथ मंदिर सिरसिया व श्री काली माता मंदिर भिनगा* का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा मंदिर परिसर में *तैनात पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रवेश एवं निकासी मार्गों, पार्किंग व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुगम एवं सुरक्षित आवाजाही* हेतु किए गए प्रबंधों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई। इस अवसर पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने स्थानीय प्रशासन एवं मंदिर प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया।
अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि महाशिवरात्रि पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए *अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, सुदृढ़ ट्रैफिक प्रबंधन, ड्रोन कैमरों से निगरानी तथा सादे वस्त्रों में पुलिस कर्मियों की तैनाती* के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा, जिससे पर्व शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
*सोशल मीडिया सेल*
कार्यालय पुलिस अधीक्षक
जनपद श्रावस्ती






























