श्रावस्ती में खड़े ट्रक-ट्रेलर से करीब 150 लीटर डीजल चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना की खास बात यह रही कि पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। नारायनपुर निवासी ट्रक चालक प्रदीप कुमार यादव बलरामपुर चीनी मिल से गन्ना खाली कर लौट रहे थे, तभी रास्ते में ट्रक का पहिया पंचर हो गया। चालक ने वाहन सड़क किनारे खड़ा कर रात में ट्रक में ही सो गया। सुबह उठने पर डीजल गायब मिला। मामले की पुलिस जांच कर रही है।



अब विस्तार से जानिए पूरा मामला…
श्रावस्ती जिले के इकौना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 730 पर वीरपुर मोड़ के पास खड़े एक ट्रक-ट्रेलर से लगभग 150 लीटर डीजल चोरी हो गया।
पहिया पंचर होने पर सड़क किनारे खड़ा किया ट्रक
दरअसल नारायनपुर निवासी प्रदीप कुमार यादव, जो राम धीरज के पुत्र हैं, बलरामपुर चीनी मिल से गन्ना खाली कर लौट रहे थे। गुरुवार रात पयागपुर क्षेत्र से गन्ना लादकर मिल गए थे। वापस आते समय वीरपुर मोड़ के पास उनके ट्रक का पहिया अचानक पंचर हो गया।
चालक सोता रहा, चोरों ने डीजल टंकी खाली की
पहिया पंचर होने के बाद चालक ने वाहन को पास ही एक दुकान के सामने खड़ा कर दिया और ट्रक में ही सो गए। देर रात दो चोर आए और आसपास रेकी करने के बाद जब कोई नहीं दिखा तो टंकी से पाइप लगाकर ड्रम से जोड़ दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने एक के बाद कई ड्रम भरे और पूरी टंकी ही खाली कर दी।
सुबह उठने पर घटना का पता चला
अगली सुबह जब चालक उठा तो उसने पाया कि ट्रक की टंकी से करीब 150 लीटर डीजल गायब था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने पुलिस से शिकायत की। फिलहाल डीजल चोरी की यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष इकौना परमानंद तिवारी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।






























