श्रावस्ती पुलिस ने इकौना थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा किया है।मुठभेड़ के बाद एक घायल सहित तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है।पुलिस ने इनके पास से अवैध हथियार, एक मोटरसाइकिल, चोरी के औजार, सोने-चांदी के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अपराध परमानन्द तिवारी के नेतृत्व में 11/12 फरवरी 2026 की मध्य रात्रि की गई।मोहनीपुर चौराहे से कैलाशपुर मार्ग हाईवे मोड़ के पास चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखे। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर एक युवक ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य अभियुक्त रामप्रकाश उर्फ प्रकाश पासी घायल हो गया।उसके दो साथी राजू सिंह और रामचन्दर को पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के पास से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल,चोरी में इस्तेमाल होने वाले पेचकस,सब्बल,आरी ब्लेड, कटर, पीली व सफेद धातु के आभूषण और 25 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन में मोटरसाइकिल से गांवों में घूमकर बाहरी मकानों की रेकी करते थे। रात में वे बाइक को गांव के बाहर छिपाकर पैदल चिन्हित घरों में सेंध लगाते थे। घर में लोगों की मौजूदगी का पता लगाने के लिए वे छत या आंगन में ईंट-पत्थर फेंककर हलचल का अंदाजा लगाते थे और मौका मिलते ही नकदी व आभूषण लेकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, मुख्य अभियुक्त रामप्रकाश उर्फ प्रकाश पासी सीतापुर का निवासी है और उस पर चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य अभियुक्तों का भी आपराधिक इतिहास रहा है। तीनों आरोपी सीतापुर के रहने वाले हैं और श्रावस्ती में पाइपलाइन बिछाने में मजदूरी करने के बहाने रह रहे थे।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना इकौना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।






























