श्रावस्ती में भ्रष्टाचार के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई देवीपाटन परिक्षेत्र की भ्रष्टाचार निरोधी सेल द्वारा की गई गोपनीय जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद की गई।
पहला मामला ग्राम छोटा गुलौरा, थाना नानपारा निवासी राजेंद्र वर्मा से जुड़ा है। उन्होंने भ्रष्टाचार निरोधी हेल्पलाइन नंबर 8467919487 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 20 जून 2025 को थाना हरदत्तनगर गिरण्ट, श्रावस्ती में तैनात उपनिरीक्षक अंकुर वर्मा अन्य पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे और उन्हें थाने ले गए। आरोप है कि सुबह करीब चार बजे छोड़ने के एवज में एक स्थानीय दलाल के माध्यम से 1 लाख 30 हजार रुपये वसूले गए।
दूसरा मामला ग्राम हल्लाजोत, थाना भिनगा निवासी फूलमती से संबंधित है। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी से विवाद के मामले में मुकदमा दर्ज कराने और विपक्षी पर कार्रवाई के नाम पर प्रभारी जेल चौकी, थाना भिनगा के उपनिरीक्षक एस.एन. यादव ने एक दलाल के जरिए 2 हजार रुपये लिए। फूलमती का कहना है कि धनराशि लेने के बावजूद उनकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इस संबंध में भी भ्रष्टाचार निरोधी हेल्पलाइन पर शिकायत की गई थी।






























