अब लाइन लगने का झंझट खत्म,मोबाइल से बुकिंग पर मिलेगा गैस सिलेंडर

29

“उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नई पारदर्शी व्यवस्था। जल्द सामान्य होगी होम डिलीवरी।”
– अस्मिता चंद (प्रोपराइटर)

रिपोर्ट:गजेंद्र गुप्त।

महराजगंज (मिठौरा):
घरेलू रसोई गैस की किल्लत और उपभोक्ताओं की परेशानियों को देखते हुए मिठौरा स्थित इंडेन गैस एजेंसी ने एक नई और पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। अब उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। नई व्यवस्था के तहत उपभोक्ता घर बैठे मोबाइल के माध्यम से अपनी रिफिल बुक कर सकेंगे और क्रमानुसार सूचना मिलने पर अपना सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।


क्रम के अनुसार मिलेगी डिलीवरी।
एजेंसी की प्रोपराइटर अस्मिता चंद ने बताया कि गैस की वर्तमान स्थिति और उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता मोबाइल फोन से अपनी बुकिंग दर्ज कराएंगे बुकिंग के क्रम (सीक्वेंस) के आधार पर ही उपभोक्ताओं को सूचित किया जाएगा।सूचना मिलने के पश्चात उपभोक्ता बिना किसी अफरा-तफरी के अपना सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।


आपूर्ति सामान्य करने के प्रयास जारी।
श्रीमती चंद ने यह भी स्वीकार किया कि वर्तमान में रिफिल की उपलब्धता कम होने के कारण होम डिलीवरी की सुविधा पूर्ण रूप से संचालित करने में बाधा आ रही है, जिससे कुछ उपभोक्ताओं को असुविधा हो रही है। उन्होंने क्षेत्र की जनता को आश्वस्त करते हुए कहा, “हम व्यवस्था में निरंतर सुधार का प्रयास कर रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही आपूर्ति सामान्य हो जाएगी और सभी सुविधाएं पूर्व की भांति बहाल कर दी जाएंगी।”
एजेंसी के इस निर्णय से क्षेत्र के हजारों उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है,जिन्हें अब गैस के लिए अपना कीमती समय कतारों में बर्बाद नहीं करना होगा।

Advertisement