युवा दिवस पर रामपुर में उमंग और प्रेरणा का संगम, बाल रक्षा भारत ने बच्चों के संग मनाया उत्सव

12
Advertisement

श्रावस्ती (जमुनहा ब्लॉक)।
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर श्रावस्ती जनपद के जमुनहा ब्लॉक स्थित ग्राम रामपुर में बाल रक्षा भारत संस्था द्वारा एक भव्य सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच का विकास करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए जलेबी दौड़, रस्सी खींच, चम्मच दौड़ सहित कई रोचक खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। खेलों में विजयी बच्चों को बाल रक्षा भारत की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का मनोबल और अधिक बढ़ा।
इस अवसर पर बाल रक्षा भारत के प्रोजेक्ट समन्वयक श्री अखिलेश शुक्ला ने राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के सशक्त युवा हैं। यदि उन्हें सही दिशा, शिक्षा और अवसर मिले तो वे समाज और देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं। उनके प्रेरक संबोधन ने बच्चों और उपस्थित अभिभावकों को गहराई से प्रभावित किया।
वहीं प्रोजेक्ट असिस्टेंट स्मृति शुक्ला ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल, शिक्षा और अनुशासन के साथ आगे बढ़कर ही आप अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। खुद पर विश्वास रखें और कभी हार न मानें। उनके शब्दों से बच्चों में नया उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि बाल रक्षा भारत द्वारा गांव में इस तरह के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे प्रयास गांव के भविष्य को मजबूत बनाते हैं।
इस आयोजन में बाल रक्षा भारत की पूरी टीम के साथ ग्राम प्रधान, कोटेदार एवं गांव के अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। सभी के सहयोग और सहभागिता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में उपस्थित सभी लोगों तथा बच्चों ने बाल रक्षा भारत के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की अपेक्षा जताई।

यहां भी पढ़े:  जेलेंस्की ने पुतिन को बताया “मैन ऑफ वॉर” और दुनिया से की मजबूत कदम उठाने की अपील
Advertisement