खाकी पर भारी पुरानी रंजिश: महराजगंज में ऑन-ड्यूटी होमगार्ड को लाठी-डंडों से पीटा, वीडियो वायरल।*

0
9

 

 

रिपोर्ट:हेमंत कुमार दुबे।

 

महराजगंज(कोठीभार):महराजगंज जिले से कानून-व्यवस्था और आपसी रंजिश का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कोठीभार थाना क्षेत्र के ग्रामसभा जहदा में पुरानी जमीनी रंजिश के चलते एक होमगार्ड की सरेराह बेरहमी से पिटाई कर दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है।जहदा निवासी राकेश चौधरी, जो कोठीभार थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात हैं, का अपने ही पट्टीदारों के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार देर शाम राकेश जब अपनी ड्यूटी के दौरान गांव पहुंचे थे, तभी घात लगाए बैठे पट्टीदारों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में हमलावर होमगार्ड को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं। वर्दी में मौजूद जवान के साथ इस तरह की मारपीट ने इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। (इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि आधिकारिक तौर पर की जानी शेष है)।घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। कोठीभार थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement