महराजगंज: दुस्साहसिक वारदात! इण्डेन गैस गोदाम का ताला तोड़ 76 सिलेंडर पार, पुलिस के बयान से सनसनी

0
175

रिपोर्ट:गजेंद्र गुप्त।

चौक/महराजगंज:जनपद के थाना चौक अंतर्गत ग्राम मिश्रौलिया स्थित ‘मिठौरा इण्डेन गैस सेवा’ के गोदाम में चोरों ने बीती रात बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने गोदाम का ताला तोड़कर कुल 76 गैस सिलेंडर चोरी कर लिए हैं। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या है पूरा मामला?

गैस एजेंसी की प्रोपराइटर अस्मिता चन्द द्वारा दी गई तहरीर के मुताबिक, यह घटना 13 मार्च की रात की है। गोदाम इंचार्ज नागेंद्र यादव ने शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे जानकारी दी कि गोदाम का ताला टूटा हुआ है। मिलान करने पर पता चला कि चोरों ने 12 भरे हुए और 64 खाली सिलेंडर (कुल 76) पार कर दिए हैं।

पुलिस का हैरान करने वाला रुख।

इस बड़ी चोरी के मामले में जब चौक थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्त से बात की गई, तो उनका बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। थानाध्यक्ष का कहना है कि:

> “प्रथम दृष्टया यह सूचना गलत प्रतीत हो रही है। हालांकि, शिकायत मिली है और मामले की जांच के बाद ही उचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।”

एक तरफ एजेंसी संचालक इतनी बड़ी चोरी का दावा कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पुलिस द्वारा इसे ‘प्रथम दृष्टया गलत’ बताना क्षेत्र में कौतूहल और चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह है कि जांच में क्या तथ्य निकलकर सामने आते हैं।

Advertisement