*
*कम प्रगति वाले विभागाध्यक्षों को शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति के दिये निर्देश*
*सम्पूर्ण विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य की है महत्वपूर्ण भूमिका-अपर सचिव*
श्रावस्ती। 16 मार्च, 2026। सू0वि0। अपर सचिव, (समग्र शिक्षा), स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार/केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी नीति आयोग, श्री धीरज साहू जी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तमाम विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ आकांक्षात्मक जनपद कार्यक्रम/आकांक्षात्मक ब्लाक कार्यक्रम जमुनहा एवं नीति आयोग भारत सरकार द्वारा स्वीकृत निर्माण कार्याे की समीक्षा बैठक की गई।
अपर सचिव ने कहा कि सम्पूर्ण विकास में शिक्षा और स्वास्थ्य की बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए इन दोनो बिन्दुओं पर विशेष जोर दिया जाना चाहिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कहा कि जिले की हर गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण, उनके स्वास्थ्य की देखभाल एवं नवजात शिशु से लेकर पॉच वर्ष तक के बच्चों का समय से टीकाकरण कराने के साथ हर गर्भवती महिलाओं एवं उनके नवजात बच्चों के टीकाकरण का लेखा जोखा ढंग से रखा जाए, ताकि कोई भी गर्भवती महिला तथा नवजात शिशु टीकाकरण से वंचित न रहने पाए।
केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी द्वारा आकांक्षी ब्लाक एवं आकांक्षी जनपद रूपांतरण कार्यक्रम के अन्तर्गत अन्य इंडिकेटर्स एवं नीति आयोग भारत सरकार द्वारा स्वीकृत निर्माण कार्याे की गहन समीक्षा की तथा योजनाओं के लक्ष्य की पूर्ति के बारे में सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता कर जानकारी ली तथा बेहतर ढंग से सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतार कर जन-जन को लाभान्वित करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी अश्विनी कुमार पाण्डेय ने अपर सचिव महोदय को अवगत कराया कि जिले में स्वास्थ्य और शिक्षा के स्तर में सुधार लाने के लिए विशेष प्रयास किये जा रहे है। जनपद श्रावस्ती में आकांक्षी जनपद कार्यक्रम के माध्यम से विकास के पिछडे क्षेत्रों स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं जल संसाधन, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास, आधारभूत अवसंरचना के क्षेत्र में 49 मुख्य संकेतांकों के सुधार हेतु विशेष प्रयास किया जा रहा है। उन्होने बताया कि जनपद में ए0एन0सी0 हेतु कुल पंजीकृत गर्भवती महिलाओं के लक्ष्य के सापेक्ष प्रसव पूर्व चार या चार से अधिक बार एएनसी(एंटीनेटल चेकअप) शुगर, ब्लड प्रेशर सहित पेट की जांच, ब्लडगु्रप, एचआईवी एवं हेपेटाइटिस की जांच न्यूनतम चार बार करायी जाती है। माह जनवरी, 2026 के सापेक्ष ए0एन0सी0 हेतु कुल पंजीकृत गर्भवती महिलाओं के लक्ष्य के सापेक्ष प्रथम त्रीमास में पंजीकृत गर्भवती महिलाओं का पंजीकरण 99.39 प्रतिशत तथा संस्थागत प्रसव 86.76 प्रतिशत हुआ है। गर्भवती महिलाओं को स्वयं सहायता समूहांे के सहयोग से शत-प्रतिशत लाभार्थियों को चना दाल, रिफाइण्ड, दलिया एवं चावल दिया जा रहा है। सभी डिलीवरी प्वाइंट पर आशा/ए0एन0एम0 की तैनाती की गई है। जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आयी है। सभी वी0एच0एन0डी0 सत्रों पर गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम फोलिक एसिड देने हेतु निर्देशित किया गया है। लाल(अतिकुपोषित) व पीले(कुपोषित) श्रेणी के बच्चे का चिन्हांकन कर लाल श्रेणी में से सैम (सीवियर एक्यूट मालनरिश्ड-चिकित्सीय जटिलता अतिगंभीर कुपोषित) पर सुधार लाया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में बालिका विद्यालयों में पेयजल, विद्युतीकरण एवं शौचालयों की शत-प्रतिशत पूर्ति की गई है। इसके अलावा शैक्षणिक सत्र शुरू होने के एक महीने के भीतर बच्चों को शत-प्रतिशत विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करायी जा रही है।
निर्माण कार्यो की समीक्षा के दौरान ज्ञात हुआ कि नीति आयोग, भारत सरकार द्वारा आंकाक्षात्मक जनपद कार्यक्रम के अंतर्गत कुल 11 कार्य स्वीकृत किये गये है, जिसमें 10 कार्य पूर्ण है, शेष 01 कार्य निर्माणाधीन है। कार्यदायी संस्था द्वारा अवगत कराया गया कि 31 मार्च, 2026 तक कार्य पूर्ण करा लिये जायेगें। आंकाक्षात्मक विकास खण्ड कार्यक्रम के अंतर्गत नीति आयोग द्वारा रू0 3.00 करोड़ की धनराशि स्वीकृति की गई है। उक्त धनराशि के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं आई0सी0डी0एस0 विभाग द्वारा प्रस्तावित परियोजनाओं पर कार्य प्रारम्भ है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय कुमार यादव, जिला विकास अधिकारी रामसमुझ, उप निदेशक कृषि सुरेन्द्र चन्द्र चौधरी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग के0पी0 मिश्र, परियोजना निदेशक, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पी0के0 दास, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर शरद श्रीवास्तव सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण एवं खण्ड विकास अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Home देश-दुनिया अपर सचिव/केन्द्रीय प्रभारी अधिकारी की अध्यक्षता में आकांक्षी ब्लाक व आकांक्षी जनपद...



































