*
रिपोर्ट:गजेन्द्र गुप्त।
निचलौल/महराजगंज। जनपद के निचलौल वन्य क्षेत्र से सटे ग्राम बढ़या मुस्तकील में शनिवार को उस वक्त कोहराम मच गया, जब घात लगाकर बैठे एक आदमखोर तेंदुए ने 16 वर्षीय किशोरी पर हमला कर उसे मौत की नींद सुला दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।

*नहर किनारे घात लगाकर बैठा था तेंदुआ।*
जानकारी के अनुसार आबिद अली की 16 वर्षीय पुत्री शैरुन निशा दोपहर करीब 3:30 बजे अपने निजी कार्य से नहर किनारे स्थित बंधे की ओर गई थी। तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तेंदुआ उसे लहूलुहान कर चुका था।
*अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत।*
परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल शैरुन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) निचलौल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
*ग्रामीणों में खौफ, सुरक्षा की मांग।*
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वन्य क्षेत्र से सटे होने के कारण यहां अक्सर तेंदुए देखे जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन सुस्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को अविलंब पकड़ने और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम जांच में जुट गई है।





























