खेत से लौट रही महिला से मारपीट:बरगदवां थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर तीन पर केस दर्ज

7
Advertisement

बरगदवां थाना क्षेत्र के सीहाभार गांव में खेत से सरसों काटकर लौट रही एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर तीन लोगों ने उसे रोका और पीटा। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित महिला संजू शर्मा ने बताया कि उनके पति रामसनेही करीब आठ साल से घर से बाहर रहते हैं। वह घर और खेती-बाड़ी की देखभाल करती हैं। संजू के अनुसार, खैरहवा जंगल टोला खैराटी निवासी सोनू ने उनके पति रामसनेही से 24 डिसमिल खेत उनकी जानकारी के बिना ही बैनामा करा लिया था।

इस बैनामे पर संजू शर्मा ने आपत्ति दर्ज कराई है, जिसका खारिज-दाखिल अभी नहीं हुआ है और मामला विचाराधीन है। संजू ने बताया कि 8 फरवरी की शाम करीब 7 बजे वह अपने खेत से सरसों काटकर घर लौट रही थीं। साहू टोला मोड़ के पास सोनू, असर्फी और सोनू की पत्नी ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि तीनों ने मिलकर उन्हें गाली-गलौज की और विरोध करने पर लात-घूंसे तथा पास पड़े डंडे से मारपीट की। संजू के शोर मचाने पर तीनों उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बरगदवां थानाध्यक्ष शैलेन्द्र शुक्ला ने बताया कि सोनू, असर्फी और सोनू की पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

Advertisement