महराजगंज में गोरखपुर पुलिस टीम की तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकरा गई। हादसे में दरोगा की मौत हो गई। महिला दरोगा, सीनियर एसआई, दो कॉन्स्टेबल और चालक घायल हैं। पुलिस टीम कुशीनगर से दबिश देकर गोरखपुर लौट रही थी।
शुरुआती जांच में पता चला है कि हाईवे पर ड्राइवर को झपकी आ गई, जिससे स्कॉर्पियो डिवाइडर पर चढ़ गई, फिर पेड़ से जा भिड़ी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और सभी को गाड़ी से बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
हादसा मंगलवार सुबह साढ़े छह बजे श्यामदेउरवा थाना के कतरारी इलाके में हुआ। हादसे के बाद तस्वीर सामने आई है। इसमें पुलिसकर्मी सड़क पर तड़पते हुए दिख रहे हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।






























