श्रावस्ती के गिलौला थाना क्षेत्र के मनसुखा गांव में एक 49 वर्षीय व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिला। मृतक की पहचान चौधरी पांडेय के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मनसुखा निवासी चौधरी पांडेय सोमवार देर रात अपने घर से निकले थे। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। परिवार के लोग पूरी रात उनकी तलाश करते रहे।
मंगलवार को गांव से लगभग 400 मीटर की दूरी पर सरयू माइनर के किनारे एक बबूल के पेड़ से गमछे के सहारे उनका शव लटका हुआ देखा गया। ग्रामीणों की सूचना पर गिलौला थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया।
फॉरेंसिक टीम और इकौना क्षेत्राधिकारी कार्यालय के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक चौधरी पांडेय के परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बड़ा बेटा राजन पांडेय पंजाब में मजदूरी करता है, जबकि छोटा बेटा राहुल पांडेय गांव में रहकर परिवार की जिम्मेदारी संभालता है। बेटी की शादी हो चुकी है। परिजनों के अनुसार, मृतक कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज भी कराया जा रहा था।
इकौना के क्षेत्राधिकारी भारत पासवान ने बताया कि मनसुखा गांव में एक व्यक्ति के फांसी लगाने की सूचना पर गिलौला पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि परिजनों के अनुसार मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और उपचाराधीन थे।
क्षेत्राधिकारी ने आगे कहा कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।






























