नौतनवा नगर के बिस्मिल शाह नगर मोहल्ले में एक 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम कुमार उर्फ विकास के रूप में हुई है। परिजनों ने मंगलवार शाम उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां उपचार के दौरान आज उसकी मृत्यु हो गई।
शुभम के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसका एक बड़ा भाई आकाश है, जो कपड़े की दुकान पर काम करता है। शुभम ई-रिक्शा चलाता था, जिसके लिए उसने लोन लिया था। उसने एक समूह से भी कुछ धनराशि उधार ली थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, शुभम पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और डिप्रेशन में था। घटना की सूचना मिलने पर सीओ अंकुर गौतम और थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
सीओ नौतनवा अंकुर गौतम ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर के कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।






























