पुलिस अधीक्षक *श्री राहुल भाटी* द्वारा जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित *मिशन शक्ति–5.0 के अंतर्गत अभियान ऑपरेशन रक्षा* के संबंध में दिए गए आदेश एवं निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री मुकेश चन्द्र उत्तम एवं क्षेत्राधिकारी नगर भिनगा श्री सतीश कुमार शर्मा के कुशल पर्यवेक्षण में आज थाना मल्हीपुर परिसर में एक महत्वपूर्ण जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।
उक्त बैठक में क्षेत्र के भट्ठा मालिकों एवं प्राइवेट बस संचालकों को आमंत्रित किया गया, जिन्हें ऑपरेशन रक्षा अभियान के उद्देश्यों, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, उनके साथ होने वाले अपराधों की रोकथाम, मानव तस्करी जैसी गंभीर घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के संबंध में विस्तार से अवगत कराया गया।

थानाध्यक्ष द्वारा उपस्थित सभी भट्ठा मालिकों एवं बस संचालकों से अपील की गई कि वे अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें, किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपराधिक गतिविधि अथवा संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
बैठक के दौरान सभी उपस्थित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा ऑपरेशन रक्षा को सफल बनाने हेतु पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का अनुरोध किया गया।
इसी क्रम में मानव तस्करी की रोकथाम हेतु चलाए जा रहे ऑपरेशन रक्षा अभियान के अंतर्गत *तिकोनिया मोड़* पर *AHT थाना एवं मिशन शक्ति* की संयुक्त टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की गई। साथ ही *फतेहपुर बनगई बाजार* क्षेत्र में निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखी गई।
जनपद पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा मानव तस्करी की रोकथाम के लिए इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।


































